ऐप पर पढ़ें
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की पत्नी सुनीता केजरीवाल का नाम आम आदमी पार्टी के स्टार प्रचारकों की सूची में शामिल कर लिया गया है। अब सुनीता केजरीवाल गुजरात में पार्टी प्रत्याशियों के लिए चुनाव प्रचार करेंगी। सुनीता केजरीवाल के अलावा पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान का भी नाम गुजरात में स्टार प्रचारकों की लिस्ट में शुमार है। आम आदमी पार्टी ने गुजरात में होने वाले लोकसभा चुनाव के लिए 40 स्टार प्रचारकों की सूची जारी कर दी है। खास बात यह भी है कि इसमें दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल का भी नाम है।
अरविंद केजरीवाल इस वक्त दिल्ली के कथित शराब घोटाला मामले में तिहाड़ जेल में बंद हैं। अरविंद केजरीवाल के अलावा उनकी पत्नी सुनीता केजरीवाल का नाम स्टार प्रचारकों की लिस्ट में दूसरे नंबर पर है। आम आदमी पार्टी ने एक्स पर अपने स्टार प्रचारकों की सूची जारी करते हुए लिखा, ‘गुजरात राज्य के लोकसभा चुनावों के लिए 40 Star प्रचारकों की सूची ज़ारी। अरविंद केजरीवाल की ‘काम की राजनीति’ को लेकर जनता के बीच पहुचेंगे स्टार प्रचारक।’
इस सूची में भगवंत मान के अलावा दिल्ली के पूर्व डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया, संदीप पाठक, संजय सिंह, गोपाल राय, राघव चड्डा, सत्येंद्र जैन, आतिशी, सौरभ भारद्वाज और कैलाश गहलोत समेत पार्टी के लगभग सभी दिग्गजों का नाम है। आम आदमी पार्टी गुजरात की 26 लोकसभा सीटों में से सिर्फ दो सीटों पर चुनाव लड़ रही है। इनमें भरूच और भावनगर सीट शामिल हैं। यहां बता दें कि शराब घोटाले में मनीष सिसोदिया भी जेल में बंद हैं और सत्येंद्र जैन भी मनी लॉन्ड्रिंग से जुड़े एक अन्य केस में तिहाड़ जेल मेें कैद हैं।
आप ने भरूच से चैतर वसावा और भावनगर से उमेश मकलाना को चुनावी रण में उतारा है। गुजरात में सभी लोकसभा सीटों के लिए 7 मई को वोट डाले जाएंगे। यहां आम आदमी पार्टी कांग्रेस के साथ गठबंधन में चुनाव लड़ रही है। कांग्रेस अन्य सभी 24 सीटों पर चुनाव लड़ेगी।
सुनीता पहली बार करेंगी चुनाव प्रचार
यह पहला मौका होगा जब सुनीता केजरीवाल आम आदमी पार्टी के प्रत्याशी के लिए लोकसभा चुनाव में प्रचार करती नजर आएंगी। अरविंद केजरीवाल के जेल जाने के बाद से सुनीता केजरीवाल अब तक आप के नेताओं के साथ कुछ बैठकों में शामिल हो चुकी हैं। दिल्ली के रामलीला मैदान में केजरीवाल के समर्थन में आयोजित एक रैली में भी सुनीता केजरीवाल नजर आई थीं। INDIA bloc के कई नेता भी वहां मौजूद थे। सुनीता केजरीवाल ने मंच से मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल का एक मैसेज पढ़कर भी लोगों को सुनाया था।
क्या बोली BJP
AAP की इस लिस्ट पर भाजपा नेता अरुण सिंह ने कहा, ‘सभी पार्टी को यह अधिकार है कि वो अपने स्टार प्रचारकों में अपने हिसाब से लोगों को शामिल करे। उनके पास अब स्टार प्रचारक की कमी है इसलिए उन्हें किसी का नाम शामिल करना है।’