PBKS vs SRH Last Over Thriller: आखिरी ओवर में पंजाब को जीत के लिए 29 रन चाहिए थे। क्रीज पर मौजूद थे पंजाब के ‘जय-वीरू’, शशांक सिंह और आशुतोष शर्मा। ऐसा लग रहा था कि ठीक साल भर बाद रिंकू सिंह का इतिहास दोहराया जाएगा। लेकिन सनराइजर्स ने दो रन से यह मुकाबला जीत लिया। हैदराबाद ने भले पंजाब किंग्स के खिलाफ जीत हासिल कर ली, लेकिन आखिरी ओवर का रोमांच एक बार फिर चरम पर नजर आया। पंजाब ने इस मैच में टॉस जीतने के बाद पहले गेंदबाजी का फैसला किया था। हैदराबाद ने पहले खेलते हुए पंजाब को 183 रन का लक्ष्य दिया था। पंजाब की शुरुआत अच्छी नहीं रही और उसके सभी प्रमुख बल्लेबाज सस्ते में निपट गए। ऐसे में जिम्मेदारी एक बार फिर शशांक सिंह और आशुतोष शर्मा के कंधों पर थी। हालांकि दोनों अपनी टीम को जीत तो नहीं दिला सके, लेकिन एसआरएच की सांस एक बार को अटक तो गई ही थी। आइए पढ़ते हैं आखिरी ओवर का रोमांच…
20वें ओवर की पहली गेंद
आखिरी ओवर में पंजाब को जीतने के लिए 29 रन चाहिए थे। गेंद जयदेव उनादकट के हाथ में थी। क्रीज पर उनादकट ने हाफ ट्रैकर गेंद ऑफ स्टंप के बाहर डाली। आशुतोष ने इस गेंद को उठाकर मारा। बाउंड्री पर खड़े नीतीश रेड्डी के पास मौका था, लेकिन वह सही से जंप नहीं कर सके और छक्का चला गया।
20वें ओवर की दूसरी गेंद
इसके साथ ही जयदेव उनदकट पर प्रेशर बढ़ चुका था। इसका असर भी उनकी बॉलिंग में दिखा। आशुतोष से गेंद को दूर रखने की कोशिश में ऑफ स्टंप के काफी बाहर फेंक बैठे। अंपायर ने इसे वाइड करार दिया।
20वें ओवर की दूसरी गेंद
दूसरी गेंद उनादकट ने फिर से डाली, लेकिन एक बार फिर यह ऑफ स्टंप से काफी बाहर रही और अंपायर ने एक बार फिर वाइड दे दिया।
20वें ओवर की दूसरी गेंद
अब पंजाब को 5 गेंदों पर 21 रन की जरूरत थी। उनादकट ने आशुतोष शर्मा को स्लॉट में गेंद दी और उन्होंने लांग ऑफ के ऊपर से शानदार छक्का लगा दिया। हालांकि मौका बन सकता था, लेकिन अब्दुल समद की कोशिश रंग नहीं लाई।
20वें ओवर की तीसरी गेंद
जयदेव उनादकट ने इस बार स्लोअर गेंद डाली। आशुतोष ने इसे ऑफ स्टंप से बाहर से खींचकर डीप मिडविकेट की तरफ खेला। दोनों बल्लेबाजों ने भागकर दो रन पूरे किए।
20वें ओवर की चौथी गेंद
अब पंजाब किंग्स को 3 गेंदों में 13 रनों की जरूरत थी। उनादकतट ने एक बार फिर ऑफ स्टंप के बाहर धीमी गति से गेंद डाली। आशुतोष ने पूरे जोर से शॉट मारा, लेकिन गेंद स्लो होने के चलते पावर जनरेट नहीं कर सके। फिर से दो रन मिले।
20वें ओवर की पांचवीं गेंद
अब पंजाब को जीत के लिए दो गेंदों में 11 रन चाहिए। लेकिन एक बार फिर से वाइड। उनादकट ने शॉर्ट गेंद ऑफ स्टंप के बाहर गेंद डाली और लाइन चूक गए।
20वें ओवर की पांचवीं गेंद
अब दो गेदों में दस रनों की जरूरत रह गई थी। जयदेव उनादकट की इस गेंद पर आशुतोष ने डीप मिडविकेट की तरफ पूरी ताकत से शॉट खेला, लेकिन वहां राहुल त्रिपाठी से कैच छूट गया। इस पर मात्र एक ही रन मिल सका।
20वें ओवर की आखिरी गेंद
अब स्ट्राइक पर आ चुके थे शशांक सिंह। शशांक ने स्लॉट में मिली गेंद को लांग ऑफ के ऊपर से पूरी ताकत के साथ खेला और गेंद छक्के के लिए चली गई। हालांकि पंजाब की टीम दो रनों से जीत से दूर रह गई।