ऐप पर पढ़ें
छत्तीसगढ़ में दुर्ग जिले में मंगलवार रात को कर्मचारियों से भरी एक बस 50 फुट गहरी खाई में गिर गई। हादसे में 15 कर्मचारियों की मौत हो गई, जबकि 16 लोग घायल हैं। इनमें 7 की हालत नाजुक बताई जा रही है। सूचना मिलते ही कुम्हारी पुलिस की एक टीम मौके पर पहुंची और राहत अभियान शुरू किया। जिला प्रशासन के आला अधिकारी भी मौके पर पहुंच हैं। राहत और बचाव कार्य जारी है। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद रायपुर एम्स रेफर कर दिया गया है। सीएम विष्णु देव साय ने घायलों के बेहतर इलाज के निर्देश दिए हैं।
मृतक केडिया डिस्टलरी कंपनी के कर्मचारी
दुर्ग शहर के पुलिस अधीक्षक (छावनी क्षेत्र) हरीश पाटिल ने कहा कि दुर्घटना मंगलवार रात करीब साढ़े आठ बजे कुम्हारी पुलिस थाना क्षेत्र के अंतर्गत खपरी गांव के पास हुई। कर्मचारी केडिया डिस्टलरी कंपनी के कर्मचारी बताए जाते हैं। जिस जगह पर हादसा हुआ वहां मुरुम की खदाने हैं। ये लोग जिस बस से यात्रा कर रहे थे, वह मुरुम मिट्टी की खदान के गड्ढे में चली गई। हादसे में कम से कम 15 लोगों की मौत हो गई। सभी लोग ड्यूटी खत्म होने के बाद घर लौट रहे थे।
बस में सवार थे 46 लोग
बस में 46 लोगों के सवार होने की बातें कही जा रही है। सभी घायलों को रायपुर एम्स और मेकाहारा लाया गया है। मृतकों की संख्या और बढ़ सकती है। मृतकों में महिलाएं भी शामिल हैं। बस सड़क से फिसलकर 40 फीट गहरी मुरम खदान में गिर गई। सूचना मिलने के तुरंत बाद एक पुलिस एक टीम मौके पर पहुंची और बचाव अभियान शुरू किया। घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घायलों के बेहतर इलाज के निर्देश, सीएम ने जताया दुख
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने हादसे पर दुख जताया है। उन्होंने एक्स पर अपने पोस्ट में कहा- दुर्ग के कुम्हारी के पास निजी कंपनी के कर्मचारियों से भरी बस के हादसे का शिकार हो जाने की दुखद सूचना प्राप्त हुई। मैं ईश्वर से दिवंगत आत्माओं को शांति की कामना करता हूं। ईश्वर शोकसंतप्त परिजनों को संबल प्रदान करें। इस हादसे में घायल लोगों के बेहतर इलाज के लिए इंतजाम किए गए हैं। मैं घायल लोगों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करता हूं।
घायलों को उचित इलाज मिलेः भूपेश बघेल
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा- ‘कुम्हारी में कर्मचारियों से भरी एक बस खदान में गिर गई। बताया जाता है कि बस में 46 लोग सवार थे। इस हादसे में कई लोगों की जानें गई हैं और कई गंभीर रूप से घायल हुए हैं। मृतकों के परिजनों के प्रति मैं गहन संवेदना व्यक्त करता हूं। मैंने जिला प्रशासन से घायलों के समुचित इलाज का प्रबंध करने का अनुरोध किया है।’
रिपोर्ट- संदीप दीवान