ऐप पर पढ़ें
Sanjay Singh news: आम आदमी पार्टी (आप) नेता संजय सिंह बुधवार को छह महीने बाद तिहाड़ जेल से बाहर आए। रात करीब 8 बजकर 15 मिनट पर जेल के सामने भारी संख्या में जुटे समर्थकों ने उनका स्वागत किया। तिहाड़ के सामने संजय ने कहा, ‘जेल के ताले टूटेंगे, सारे नेता छूटेंगे।’ जेल से निकलने के बाद वह सीधे अरविंद केजरीवाल के घर पहुंचे। संजय सिंह के साथ उनका परिवार भी सीएम आवास पहुंचा। संजय सिंह ने वहां अपने नेता की पत्नी सुनीता केजरीवाल का पैर छूकर आशीर्वाद लिया।
पैर छूकर लगाया गले
सीएम केजरीवाल के आवास के सामने भारी संख्या में ‘आप’ नेता और समर्थक संजय सिंह का स्वागत करने के लिए जुटे थे। ढोल बजा कर और फूल बरसा कर उनका स्वागत किया गया। संजय सिंह के साथ उनका परिवार भी सुनीता केजरीवाल से मिलने पहुंचा। इस मुलाकात का एक वीडियो सामने आया है जिसमें देखा जा सकता है कि संजय सुनीता केजरीवाल का पैर छूकर आशीर्वाद ले रहे हैं। सुनीता ने उन्हें गले भी लगाया। हालांकि इस दौरान संजय सिंह भावुक भी दिखे।
यह जश्न का समय नहीं…
181 दिन बाद तिहाड़ जेल से निकलते ही संजय सिंह ने कहा, ‘यह समय जश्न मनाने का नहीं है। यह संघर्ष करने का वक्त है।’ उन्होंने सीएम अरविंद केजरीवाल, मनीष सिसोदिया और सत्येंद्र जैन का जिक्र करते हुए आगे कहा कि जेल के ताले टूटेंगे, सारे नेता छूटेंगे। यहां क्लिक कर डिटेल में पढ़िए यह खबर…